Type Here to Get Search Results !

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश: सीएम हेल्पलाइन, जल जीवन मिशन और अतिक्रमण हटाने पर दें विशेष प्राथमिकता

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश: सीएम हेल्पलाइन, जल जीवन मिशन और अतिक्रमण हटाने पर दें विशेष प्राथमिकता

पेंडेंसी शून्य रखने, पारदर्शिता से कार्य करने और प्रतिदिन योग अपनाने की अधिकारियों को दी सलाह


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी बनाने तथा अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का पूर्ण पारदर्शिता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जल जीवन मिशन के कार्यों की करें नियमित मॉनिटरिंग

बैठक की शुरुआत में कलेक्टर श्री कन्याल ने जल जीवन मिशन अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं रिकॉर्डिंग की जाए तथा लंबित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए।

पीएम जनमन अभियान के सर्वे की दी जानकारी

बैठक में पीएम जनमन अभियान की टीम द्वारा जानकारी दी गई कि सहरिया जनजाति के परिवारों का सर्वे उनकी बस्तियों में जाकर किया जा रहा है। कलेक्टर ने अभियान को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी शिकायतों को प्राथमिकता से अटेंड किया जाए। विशेष रूप से 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कोई शिकायत 'नॉट अटेंडेड' नहीं रहनी चाहिए तथा आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।

अनुकंपा नियुक्ति में रखें पूर्ण पारदर्शिता

कलेक्टर ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के लेन-देन की शिकायत नहीं आनी चाहिए। पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से लाभ प्रदान किया जाए।

मिलावटखोरों पर लगातार करें कार्रवाई

बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामलों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलावट करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।

अतिक्रमण हटाने के लिए गठित होगी टीम

कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने के लिए एक प्रभावी टीम गठित की जाए, जिससे शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के दौरान उपयोग में आने वाले मशीनों एवं अन्य संसाधनों पर होने वाले व्यय की वसूली संबंधित अतिक्रमणकर्ता से नियमानुसार की जाए।

अस्पताल का नियमित निरीक्षण करें

कलेक्टर ने डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री महिमा चौधरी को निर्देश दिए कि वे अस्पताल का नियमित निरीक्षण करें तथा वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण

उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पेंडेंसी शून्य रखें, प्रतिदिन करें योग

बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिस अधिकारी के पास लंबित प्रकरण नहीं होते, उस पर कार्य का अनावश्यक दबाव भी नहीं रहता और उसका स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट योग करने तथा धीरे-धीरे इसकी अवधि बढ़ाने का आग्रह किया। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में समय सीमा से संबंधित लंबित प्रकरणों की बिन्‍दुवार समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिये। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.