क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना में दीक्षारंभ कार्यक्रम
गुना
गुना के क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दीक्षारंभ समारोह (इंडक्शन प्रोग्राम) आज से प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मा. कुलगुरू प्रो. डॉ. किशन यादव एवं कुलसचिव प्रो. ए.के. मुदगल की उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजन के साथ किया गया।
नए सत्र में प्रवेश प्राप्त लगभग 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय में विगत वर्ष प्रवेशित छात्रों ने नवीन प्रवेशित छात्रों का पारंपरिक स्वागत किया। उन्होंने रोली-चंदन का तिलक लगाकर, फूलों की वर्षा करते हुए रेड कार्पेट पर स्वागत कर उनके प्रथम दिन को यादगार बना दिया।
कुलसचिव ने आगामी वर्ष में प्रस्तावित नई पहलों की जानकारी देते हुए रिसर्च इनोवेशन एवं स्टार्टअप लैब की स्थापना, क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम संशोधन और स्किल-बेस्ड कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। कार्यक्रम में कुलगुरू प्रो. डॉ. किशन यादव ने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिसर को नशा-मुक्त एवं प्लास्टिक-मुक्त रखने के लिए सख्त निगरानी रखी जाती है और शिक्षा के अनुकूल बेहतर वातावरण विकसित किया जाएगा। पूरे परिसर में वाई-फाई उपलब्ध है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। कुलगुरू ने सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का विश्वविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इन्डक्शन कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों द्वारा अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधियों एवं पाठ्यक्रम, समय सारणी आदि की जानकारी विस्तृत रूप से उपलब्ध कराई गई। दीक्षारंभ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए 10 जुलाई तक प्रतिदिन विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित होंगी।
