Type Here to Get Search Results !

स्वस्थ किशोर–सशक्त भारत की ओर, उमंग कार्यक्रम का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

 स्वस्थ किशोर–सशक्त भारत की ओर, उमंग कार्यक्रम का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर  के मार्गदर्शन में जिले में संचालित उमंग स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर शिक्षकों को हेल्थ एवं वेलनेस एंबेसडर के रूप में तैयार कर किशोरों के समग्र स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है।


प्रथम चरण में जिले के शासकीय विद्यालयों की कक्षा 9 से 12 तक से एक महिला एवं एक पुरुष शिक्षक सहित कुल 65 शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स श्री आकाश शाह, सुश्री नेहा साहू एवं श्री संजय शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान किशोर स्वास्थ्य, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक परिवर्तनों, उनसे संबंधित चुनौतियों की पहचान एवं समाधान, मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, नशा मुक्ति, जीवन कौशल, लैंगिक संवेदनशीलता तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।


प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों को आवश्यक परामर्श प्रदान करने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक पहचान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। सहभागितापूर्ण गतिविधियों एवं व्यवहारिक सत्रों के माध्यम से शिक्षकों की क्षमता विकसित की गई, ताकि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।


प्रशिक्षण के तृतीय दिवस आयोजित समापन समारोह में शिक्षा विभाग के एडीपीसी श्री शिवहरे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. आर. माथुर तथा आरकेएसके जिला समन्वयक श्रीमती विनीता सोनी ने प्रतिभागी शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को हेल्थ एवं वेलनेस एंबेसडर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने की शुभकामनाएं दीं।


प्रशिक्षण का द्वितीय चरण 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.