खनिज विभाग की कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त ट्रैक्टर लोडर जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा मकसूदगढ़ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर लोडर को जब्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम उकावद स्थित गुंजरी नदी में ट्रैक्टर लोडर से अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा था। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर चौकी उकावद में सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं रॉयल्टी के दुरुपयोग पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।
