*"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : ग्रामीण जनजागरण को मिली नई ऊर्जा*
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने मधुसूदनगढ थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, महिलाओं की समस्याएं सुनीं, नशामुक्त समाज निर्माण का किया आह्वान
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित राज्यव्यापी विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज की स्थापना करना है ।
इसी क्रम में आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को मधुसूदनगढ़थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में ग्रामीण जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने ग्रामीण महिला-पुरुषों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित कर नशामुक्त समाज निर्माण के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया । अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास का सबसे बड़ा अवरोध है । मादक पदार्थों एवं नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ-साथ उसकी मानसिक क्षमता, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक सुख-शांति तथा सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नष्ट कर देता है । उन्होंने कहा कि नशे की लत से अपराध, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, आर्थिक तंगी तथा पारिवारिक विघटन जैसी अनेक सामाजिक समस्याएं जन्म लेती हैं, इसलिए इससे बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है ।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को शराब, गांजा, अफीम, स्मैक तथा अन्य मादक पदार्थों सहित विभिन्न प्रकार के नशों के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, युवा एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है । उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे सामाजिक सहयोग एवं प्रेरणा के माध्यम से मुख्यधारा में लाने का प्रयास करें तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे से दूर रखने का संकल्प दिलाया । उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होकर अपने भविष्य को सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया ।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि गांव के अनेक पुरुषों द्वारा नशा किए जाने के कारण परिवारों में आर्थिक, सामाजिक एवं घरेलू समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे महिलाओं एवं बच्चों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन इस समस्या के समाधान हेतु आवश्यक एवं प्रभावी कदम उठाएगा । उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध कार्यवाही के साथ-साथ जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता को भी समान महत्व दिया जाएगा, ताकि परिवारों में सुख, शांति एवं सुरक्षा का वातावरण स्थापित हो सके ।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज निर्माण के इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया तथा गुना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनहितैषी अभियान की सराहना की गई ।
