डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन एवं साइबर अपराधों से बचाव के बताए प्रभावी उपाय
*"सेफ क्लिक 2.0" अभियान के दशवे दिवस गुना पुलिस का व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान*
*धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को साइबर अपराधों एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति आमजन को किया जागरूक*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा जिले में लगातार व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं । अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।
अभियान दशवे दिवस आज गुना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP एवं UPI फ्रॉड, KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान सुरक्षा तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई ।
अभियान के तहत आज जामनेर थाना पुलिस द्वारा हनुमान मंदिर जामनेर, सिरसी थाना पुलिस द्वारा निहाल देवी मंदिर, बमोरी थाना पुलिस द्वारा बमोरी माता मंदिर, कुंभराज थाना पुलिस द्वारा कुंभराज बाजार, बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा बजरंगगढ़ बाजार, मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा एसबीआई बैंक मधुसूदनगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई । इसी प्रकार जिले के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को जानकारी देते हुए बताया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग अथवा OTP संबंधी जानकारी साझा न करें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें । साथ ही बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना घटित होती है, तो वह बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है ।
*"सोचिए, परखिए, फिर क्लिक कीजिए — एक सुरक्षित क्लिक, एक सुरक्षित भविष्य"*
