Type Here to Get Search Results !

साइबर ठगी के तीन अंतर्राज्यीय आरोपी जेल दाखिल

 साइबर ठगी के तीन अंतर्राज्यीय आरोपी जेल दाखिल



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट  


दुर्ग - बीमा लोकपाल बनकर बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा देकर पीड़ित से डेढ़ करोड़ से भी अधिक राशि की ऑनलाइन ठगी करने के तीन अंतर्राज्यीय सायबर ठग को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर रेंज साइबर थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। विभिन्न राज्यों में इनके विरुद्ध साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज होना भी पाया गया है।

                                       वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल ने इस सायबर ठगी के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये बताया रेंज साइबर थाना दुर्ग में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 03/2026 धारा 318(2) , 318(4) , 336(3) बीएनएस एवं 66-डी आईटी एक्ट के प्रकरण में आरोपियों द्वारा स्वयं को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर बीमा पॉलिसी की राशि रिफंड कराने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने पीड़ित से विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर कुल लगभग 01 करोड़ 60 लाख की साइबर ठगी की। प्रकरण की विवेचना के दौरान पूर्व में एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर विशेष टीम दिल्ली रवाना की गई। टीम द्वारा आरोपी मनमीत  , अमनदीप सिंह एवं ईशांत माहे उर्फ ईशु को चिन्हित कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के लालच में बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी में उपयोग हेतु उपलब्ध कराना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों का उपयोग एक विदेशी (नाइजीरियन) साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। आरोपियों को गत दिवस 01 जुलाई को दिल्ली से विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय तीस हजारी , दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर रेंज साइबर थाना दुर्ग लाया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से रेंज साइबर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक विवेचना जारी है। उक्त कार्यवाही में रेंज साइबर थाना दुर्ग की टीम के उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चित्रा वर्मा , निरीक्षक पुष्पेन्द्र भट्ट , सहायक उप निरीक्षक यशवंत श्रीवास्तव , आरक्षक सुरेन्द्र कटरे , आरक्षक आवेश खान , कामेश्वर देशमुख एवं विक्रम सिंह राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।


गिरफ्तार आरोपीगण -


मनमीत सिंह उम्र 42 वर्ष निवासी - तिलक विहार तिलक नगर नई दिल्ली , ईशांत माहे उर्फ ईशु उम्र 37 वर्ष निवासी चंदर विहार निलोठी एक्सटेंशन थाना - निहाल विहार दिल्ली और अमनदीप सिंह उम्र 33 वर्ष मूल निवासी - श्रीगंगानगर (राजस्थान) , वर्तमान निवासी चंदर विहार , निलोठी , दिल्ली।


जप्त सामाग्री -


03 मोबाइल फोन , 06 बैंक पासबुक , 04 चेकबुक और विभिन्न सिम कार्ड।


दुर्ग पुलिस की अपील -


दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बीमा पॉलिसी रिफंड , केवाईसी अपडेट , निवेश अथवा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन भुगतान संबंधी कॉल अथवा संदेश प्राप्त होने पर बिना सत्यापन किसी भी बैंक खाते में राशि हस्तांतरित ना करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करायें तथा निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.