Type Here to Get Search Results !

निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

समय-सीमा में पूर्ण हों विकास कार्य, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई), जल निगम, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं एमपीआरडीसी के निर्माण कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों सभी निर्माण कार्य

समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण करें, कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में गति लाने पर विशेष जोर दिया।

फिजिकल एवं फाइनेंशियल प्रगति पर रखें सतत निगरानी

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी परियोजनाओं की भौतिक (फिजिकल) एवं वित्तीय (फाइनेंशियल) प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य की प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

नल-जल योजना के कार्य शीघ्र पूर्ण करें, पेयजल संकट नहीं होना चाहिए

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को निर्देशित किया गया कि जिले में संचालित नल-जल योजनाओं के सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति उपलब्ध नहीं है, वहां वैकल्पिक जल व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रमुख निर्माण परियोजनाओं में लाई जाए तेजी

कलेक्टर श्री कन्याल ने रिकॉर्ड रूम निर्माण, पीएम जनमन योजना, सीएम राइज स्कूल, खेल परिसर, सड़क, पुल-पुलिया एवं विभिन्न भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करें तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होने दें।

गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने इंजीनियरिंग कार्यों में बेहतर प्रबंधन एवं लागत नियंत्रण अपनाने, भूमि संबंधी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा सभी परियोजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागवार लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए, ताकि विकास कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जा सकें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.