समय-सीमा से पहले पूर्ण करें 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल का निर्माण : कलेक्टर
निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं प्रगति बनाए रखने के दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को निर्माणाधीन 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा से पहले पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी ली।
54 प्रतिशत कार्य पूर्ण, जनवरी 2027 तक पूरा होना संभावित
निरीक्षण में अधिकारियों ने बताया कि 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल का निर्माण कार्य लगभग 1010.66 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। वर्तमान में भवन के द्वितीय तल की छत तथा सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति 54 प्रतिशत है तथा कार्य जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना संभावित है।
गुणवत्ता के साथ नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को आयुष चिकित्सा सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय, ईपीआईयू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
