Type Here to Get Search Results !

रेंज भूमि की शिकायत से उपजे विवाद में रची थी युवक की हत्या की साजिश, मृगवास थाना पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

 *गुना पुलिस की सूझबूझ एवं सतर्कता का उत्कृट उदाहरण, मृगवास थानांतर्गत अंधे कत्ल का राजफास*


रेंज भूमि की शिकायत से उपजे विवाद में रची थी युवक की हत्या की साजिश, मृगवास थाना पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा


*तौलिया से गला घोंटकर की गई थी हत्या, वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्नेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस*


*पुलिस की तत्परता से मात्र 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में गंभीर एवं जघन्य अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं निष्पक्ष कार्यवाहियां की जा रही हैं । प्रत्येक प्रकरण की वैज्ञानिक, तथ्यपरक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना सुनिश्चित करते हुए अपराधियों को शीघ्र कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में गुना पुलिस द्वारा मृगवास थाना क्षेत्र में घटित अंधे कत्ल की गुत्थी मात्र 48 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।


               गौरतलब है कि दिनांक 02 जुलाई 2026 को गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाहेड़ा स्थित फीडर के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची । घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए । मृतक की पहचान आजाद सिंह उर्फ नैना पुत्र रंगलाल गुर्जर  उम्र 28 साल निवासी ग्राम खजूरिया, थाना मृगवास के रूप में हुई । पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया तथा विधिसम्मत एवं वैज्ञानिक जांच प्रारंभ की गई । मृतक के गले में तौलिया लिपटी होने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका स्पष्ट हो रही थी ।


               घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने प्रकरण को चुनौती के रूप में लेते हुए तत्काल पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर सभी पहलुओं की सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक जांच कर शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए । निर्देशानुसार पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी विश्लेषण, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष जानकारियों का गहन परीक्षण किया । मृतक के परिजनों, स्वतंत्र साक्षियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के कथन भी दर्ज किए गए ।


               जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक कलारी पर कार्य करता था । पुलिस द्वारा कलारी के आसपास के लोगों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि घटना वाली रात कलारी के बाहर मृतक का दो युवकों से विवाद हुआ था । उन युवकों ने कलारी से शराब खरीदी थी तथा भुगतान फोन-पे के माध्यम से किया था । पुलिस ने डिजिटल भुगतान के आधार पर दोनों युवकों की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें राउंडअप किया एवं पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों से पृथक-पृथक पूछताछ पर पाया कि आरोपियों ने शिकायत की रंजिशन मृतक आजाद सिंह गुर्जर की हत्या की गई ।


               पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक के पिता रंगलाल गुर्जर, जो गांव के चौकीदार हैं के द्वारा उनकी रेंज भूमि पर अवैध खेती किए जाने की सूचना वन विभाग को दी गई थी । इसके कारण वे उक्त भूमि पर खेती नहीं कर सके तथा मक्के की बोवनी भी नहीं हो पाई । इसी बात को लेकर वे रंजिश रखने लगे । घटना वाले दिन कलारी पर इसी मुद्दे को लेकर मृतक आजाद सिंह से विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से तौलिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी ।


               पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गले पर दबाव डालने से श्वासावरोध के कारण मृत्यु होना पाया गया, जिससे पुलिस विवेचना के दौरान एकत्रित साक्ष्यों की पुष्टि हुई । उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 76/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर दिनांक 03 जुलाई 2026 की रात्रि में दोंनो आरोपियों 1-रामप्रसाद पुत्र गंगाराम लोधा उम्र 34 वर्ष एवं वीरम पुत्र परशराम लोधा उम्र 32 वर्ष निवासीगण ग्राम बांसाहेड़ा कला, थाना मृगवास, जिला गुना को विधिवत गिरफ्तार किया गया । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है । पुलिस द्वारा आरोपियों से घटनास्थल पर घटना का पुनर्निर्माण (रिक्रिएशन) भी कराया गया है । प्रकरण की विवेचना जारी है तथा पूछताछ एवं विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।


               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें तथा कानून अपने हाथ में लेने से बचें । अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, गुना पुलिस वैज्ञानिक, निष्पक्ष एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना के माध्यम से सत्य को उजागर कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।


               गुना पुलिस की इस तत्पर एवं सफल कार्यवाही में कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा, मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी सउनि धारा सिंह, सउनि राजेश कुमार, सउनि अजीत कुजूर, सउनि केदार सिंह, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक राजकुमार, प्रधान आरक्षक सुरेश मीना, आरक्षक जीतेन्द्र यादव, आरक्षक वकील सिंह, आरक्षक राहुल बघेल, आरक्षक राकेश बाथम, आरक्षक रामवीर रघुवंशी, आरक्षक योगेश, आरक्षक राजीव, आरक्षक राहुल यादव, आरक्षक अजय यादव एवं साइबर सेल से प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.