राष्ट्रीय आयुष मिशन की गतिविधियों की कलेक्टर ने की समीक्षा
जिले में आयुष सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्यों की प्रगति पर हुई चर्चा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में 27 आयुष संस्थानों के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के उद्देश्यों की दी जानकारी
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा 15 सितंबर 2014 से राष्ट्रीय आयुष मिशन प्रारंभ किया गया है। मिशन का उद्देश्य जिले की आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, आयुष सिद्धांतों पर आधारित समग्र स्वास्थ्य मॉडल विकसित करना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालयों में आयुष सुविधाओं की सह-स्थापना कर आमजन को बेहतर उपचार के विकल्प उपलब्ध कराना है। साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रमों के साथ समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक स्वास्थ्य में आयुष की भूमिका को मजबूत किया जा रहा है।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय भवन गुना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर आरोन तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर गुना के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में आयुष चिकित्सा सेवाओं का और अधिक विस्तार होगा।
ओपीडी एवं जांच सुविधाओं की जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि आयुष संस्थानों में ओपीडी सेवाओं के साथ रक्तचाप, शुगर एवं यूरिन जांच जैसी मूलभूत जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा फैमिली हेल्थ सर्विस के माध्यम से परिवार आधारित स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
सिकल सेल एनीमिया के उपचार पर भी हुई चर्चा
बैठक में सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित मरीजों के लिए आयुष पद्धति के अंतर्गत उपलब्ध उपचार एवं सहयोगात्मक थेरेपी की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान प्रभावित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं जनजागरूकता बढ़ाने के प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
