Type Here to Get Search Results !

पीजी कॉलेज गुना में उमंग हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्क्रीनिंग आयोजित

 पीजी कॉलेज गुना में उमंग हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्क्रीनिंग आयोजित


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत संचालित उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज, गुना में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय गुना के मनकक्ष विभाग से मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एन. धाकड़, नर्सिंग ऑफिसर अर्चना आचार्य एवं उमंग काउंसलर श्रीमती रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. पी.एन. धाकड़ ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक रोगों के प्रारंभिक लक्षण, समय पर उपचार एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा एवं करियर से जुड़े तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या, नियमित व्यायाम तथा आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।

नर्सिंग ऑफिसर अर्चना आचार्य एवं RKSK उमंग परामर्शदाता रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी निःशुल्क टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन 14416 तथा मनहित (Manhit) ऐप की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों से अपने मोबाइल में मनहित ऐप डाउनलोड भी कराया गया तथा उसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई।

जागरूकता सत्र के उपरांत विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के दौरान 10 विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की जांच एवं उपचार हेतु जिला चिकित्सालय गुना के मनकक्ष विभाग में रेफर किया गया।

कार्यक्रम में पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी.के. तिवारी, शैलेन्द्र शर्मा एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय रहते मानसिक समस्याओं की पहचान करना तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.