रूठियाई शासकीय अस्पताल के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक, व्यवस्थागत कमियों के शीघ्र सुधार के निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राघौगढ़ श्री अमित सोनी द्वारा आज रूठियाई स्थित शासकीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उपचार, भोजन एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई।
मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं समय पर उपलब्धता की सराहना की तथा उपचार व्यवस्था पर भी संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। एसडीएम श्री सोनी ने अस्पताल के वार्ड, ओपीडी, पैथोलॉजी, दवा वितरण कक्ष एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बेडों पर चादरों की कमी, अस्पताल परिसर एवं वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता तथा पैथोलॉजी स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता का भी परीक्षण किया। अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन एवं एंटी स्नेक वेनम (ASV) सहित आवश्यक दवाएं उपलब्ध पाई गईं। साथ ही समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान में अस्पताल क्षेत्र में मलेरिया एवं डेंगू का कोई सक्रिय प्रकरण दर्ज नहीं है, जो स्वास्थ्य निगरानी का सकारात्मक संकेत है।
एसडीएम श्री सोनी ने निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी बेडों पर स्वच्छ चादरों की नियमित व्यवस्था, साफ-सफाई का उच्च स्तर तथा सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर प्राप्त होती रहें।
