फरार पारदी बदमाशों के विरुद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान सतत जारी
*10 हजार रुपये का इनामी स्थायी वारंटी गिरफ्तार कर हासिल की बड़ी उपलब्धि*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रभावी निर्वहन किया जा रहा है । इसी उद्देश्य से पारदी समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए "नई दिशा" अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, शिक्षा, रोजगार, नशामुक्ति एवं सामाजिक पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । वहीं दूसरी ओर अपराध का मार्ग अपनाने वाले, न्यायालयीन कार्यवाही से फरार एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है ।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में फरार पारदी बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव एवं विशेष टीम द्वारा एक गंभीर प्रकरण में लंबे समय से फरार 10 हजार रुपये के इनामी स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2010 में आरोपी बलवीर पुत्र केशरीमल पारदी, निवासी ग्राम कनेराचक, थाना धरनावदा, के विरुद्ध सिरसी थाने में अपराध क्रमांक 17/10 धारा 386, 336, 427, 506-बी, 34 भादवि के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था । उक्त प्रकरण में आरोपी के न्यायालयीन कार्यवाही से लगातार फरार रहने पर माननीय न्यायालय गुना से न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 2282/10 में जिसके विरूद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था ।
स्थाई वारंटी बलवीर पारदी के प्रकरण में लंबे समय से फरार स्थिति को मद्देनजर रखते हुए वारंटी की गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने हेतु गुना पुलिस अधीक्षक की ओर से आरोपी के विरूद्ध 10 हजार रुपये ईनाम उद्घोषित किया गया था ।
गुना पुलिस द्वारा फरार पारदी आरोपियों, वारंटियों एवं अन्य अवैध गतिविधयों में संलिप्त बदमाशों की तलाश हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस द्वारा वारंटी की तलाश में तेजी लाई गई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सुदृढ़ कर जिसकी तलाश में सघन दविशें दी गई । जिसके परिणाम स्वरूप गत दिनांक 12 जुलाई 2026 को वरंटी के संबंध में प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम द्वारा त्वरित एवं सुनियोजित कार्यवाही करते हुए प्रकरण में करीबन 15 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी बलवीर पुत्र केशरमल पारदी उम्र 40 साल निवासी ग्राम कनेरा चक थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत कार्यवाही के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, साइबर सेल प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अजेन्द्रपाल सिंह, आरक्षक मनोज शर्मा, आरक्षक रामनिवास शर्मा, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक दीपक तोमर, आरक्षक नीतेश पटेल तथा साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक एवं आरक्षक अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति को "नई दिशा" अभियान के माध्यम से हरसंभव सहयोग एवं पुनर्वास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे । वहीं, जो व्यक्ति कानून की अवहेलना करेंगे, न्यायालयीन कार्यवाही से फरार रहेंगे अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
