गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ, विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन
गुना
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय सांदीपनि मॉडल विद्यालय, गुना में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व तथा पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शिक्षकों ने गुरु के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षा, संस्कार और अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष टांटिया ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों में नियमित अध्ययन के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, योग, कला, विज्ञान, व्यक्तित्व विकास एवं जीवन कौशल जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान योगाभ्यास, करियर काउंसलिंग, स्वास्थ्य जागरूकता, प्रेरक व्याख्यान एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 16 जुलाई को हाई स्कूल कुसमोदा के विद्यार्थियों का सांदीपनि मॉडल विद्यालय भ्रमण भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
