खनिज विभाग की कार्यवाही, रॉयल्टी से अधिक खनिज परिवहन करते दो वाहन जब्त,
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज खनिज विभाग द्वारा किए गए गुना शहरी क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दो वाहनों में उत्तर प्रदेश की रॉयल्टी के आधार पर खनिज का परिवहन किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान दोनों वाहनों में उपलब्ध खनिज की मात्रा का सत्यापन किया गया, जिसमें रॉयल्टी में अंकित मात्रा की तुलना में अधिक खनिज का परिवहन किया जाना पाया गया। यह प्रथम दृष्टया खनिज नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दोनों वाहनों को नियमानुसार जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया। साथ ही आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
खनिज विभाग अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज परिवहन एवं रॉयल्टी के दुरुपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्यवाही में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित अन्य् अमला उपस्थित था।
