अनुविभाग आरोन में गौशाला संचालकों एवं गौसेवकों की बैठक आयोजित
गुना
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आरोन सुश्री मंजूषा खत्री की अध्यक्षता में अनुविभाग की समस्त गौशालाओं के संचालकों एवं गौसेवकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्षाकाल के दौरान गौवंश की सुरक्षा, देखभाल एवं गौशालाओं में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम सुश्री खत्री ने सभी गौशाला संचालकों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु में निराश्रित गौवंश को प्राथमिकता के साथ गौशालाओं में रखा जाए तथा उनके टीकाकरण, उपचार एवं सुरक्षित वातावरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर गौवंश के विचरण एवं बैठने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए।
बैठक में गौशालाओं के नियमित निरीक्षण के लिए दल गठित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही गौसेवकों ने सुरक्षा की दृष्टि से गौवंश के सींगों पर रेडियम लगाने तथा गौवंश की शिफ्टिंग एवं देखभाल में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने गौशाला संचालकों से उनकी गौशालाओं की वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में तहसीलदार आरोन श्री धीरेंद्र गुप्ता, जनपद पंचायत आरोन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गौरव यादव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री अमित जैन, पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
