मालाबार नीम की खेती से एक एकड़ में लाखों की आय का मिलेगा गुर, कल होगा विशेष सेमिनार
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के किसानों को अधिक लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल खेती से जोड़ने के उद्देश्य से 4 जुलाई 2026 (शनिवार) को प्रातः 11:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, गुना में मालाबार नीम की उन्नत खेती पर विशेष सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध पर्यावरणविद् श्री जय प्रकाश सोनी किसानों को मालाबार नीम की वैज्ञानिक खेती, कम लागत में अधिक लाभ, लकड़ी एवं अन्य उत्पादों की व्यावसायिक उपयोगिता, पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका तथा प्रति एकड़ लाखों रुपये तक की संभावित आय के संबंध में विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए खेती की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को ऐसी वैकल्पिक एवं दीर्घकालिक आय देने वाली फसलों से परिचित कराना है, जिनसे खेती लाभ का व्यवसाय बन सके और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो। मालाबार नीम इसी दिशा में एक प्रभावी विकल्प के रूप में तेजी से उभर रहा है।
इस सेमिनार में जिले के प्रगतिशील किसानों, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों तथा नवाचार अपनाने के इच्छुक किसानों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचकर इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का लाभ उठाएं और आधुनिक, लाभकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल कृषि की नई संभावनाओं से परिचित हों।
