Type Here to Get Search Results !

रेडक्रॉस समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम कलेक्टर श्री कन्याल

 रेडक्रॉस समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम कलेक्टर श्री कन्याल

कलेक्टर की अध्यक्षता में रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज जिला रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर सहित रेडक्रॉस समिति के सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि रेडक्रॉस की सेवाओं का दायरा अत्यंत व्यापक है। उन्होंने समिति के सदस्यों से अपेक्षा की कि वे जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद लोगों से सीधे संवाद करें, उनकी समस्याओं को निकटता से समझें तथा मानवीय संवेदनाओं के साथ उनके समाधान के प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करें।

कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि रेडक्रॉस के माध्यम से प्रतिमाह विभिन्न स्थानों पर नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेलमेट जागरूकता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन हेतु पात्र बच्चों का चयन किया जाएगा। साथ ही बच्चेदानी संबंधी रोग, हाइड्रोसील एवं हर्निया जैसी सामान्य बीमारियों के उपचार हेतु विशेष ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध स्थान के अनुसार प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र स्थापित करने, दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों पर टेली-कंसल्टेशन सेवाएं प्रारंभ करने तथा प्रत्येक माह निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर एवं गैर-संचारी रोग (एनसीडी) शिविर आयोजित करने पर भी चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त आमजन एवं युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से नियमित फर्स्ट-एड प्रशिक्षण तथा महाविद्यालयों में प्रतिमाह सीपीआर प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कार्डियक एम्बुलेंस के संचालन को गति देने, नेत्रदान एवं देहदान जैसे सामाजिक अभियानों में जिले की भागीदारी बढ़ाने सहित रेडक्रॉस की जनकल्याणकारी गतिविधियों के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि रेडक्रॉस समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक स्वास्थ्य एवं राहत संबंधी सेवाएं पहुंचाना समिति की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों से समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.