‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत 09 से 17 अगस्त तक जिलेभर में होंगे आयोजन
गुना
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 09 से 17 अगस्त 2026 तक "हर घर तिरंगा अभियान-2026" का व्यापक रूप से आयोजन किया जाएगा। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा 09 से 17 अगस्त 2026 तक "हर घर तिरंगा" अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसामान्य में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करते हुए स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाना है। साथ ही 14 अगस्त को "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस" भी मनाया जाएगा।
अभियान के दौरान जिले में विभिन्न देशभक्ति आधारित कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां, जागरूकता गतिविधियां तथा जनसहभागिता के आयोजन किए जाएंगे। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष के अभियान को विशेष रूप से "वंदे मातरम्" थीम से जोड़ा गया है। सभी प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" का सामूहिक गायन किया जाएगा।
डिजिटल माध्यम से आयोजित गतिविधियों में भी नागरिकों को अभियान की वेबसाइट पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड की गई तस्वीरों पर "वंदे मातरम्" अंकित रहेगा, जिससे अभियान में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री कन्याल ने अभियान के सफल संचालन के लिए नगरीय क्षेत्रों में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। खंड स्तर पर संपूर्ण अभियान की मॉनिटरिंग एवं नेतृत्व संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करेंगे तथा सभी खंड स्तरीय अधिकारी उनके निर्देशन में अभियान की गतिविधियों का संचालन करेंगे।
