जन-विश्वास शिविर में समस्याओं का त्वरित समाधान, छात्रा को मिली 12 हजार की छात्रवृत्ति सहायता
मधुसूदनगढ़ में आमजन से सीधे रूबरू हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारी, पात्र हितग्राहियों को बांटे हितलाभ
गुना
“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शनिवार को तहसील मधुसूदनगढ़ की कृषि उपज मंडी में आयोजित चौथा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच संवाद, विश्वास और समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बना। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, वहीं छात्रा सुहानी सिलावट को पढ़ाई के लिए 12 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उपस्थित आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
डॉक्टर बनने का सपना देख रही छात्रा का बढ़ाया हौसला
शिविर में छात्रा सुहानी सिलावट ने बताया कि जानकारी के अभाव में उसे छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई, जबकि वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती है। इस पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उससे छात्रवृत्ति की राशि के संबंध में जानकारी ली और रेडक्रॉस के माध्यम से एक वर्ष की 12 हजार रुपये की सहायता राशि मौके पर ही प्रदान की। कलेक्टर श्री कन्याल ने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करे और डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र एवं समाज के लोगों की सेवा करे। इसी प्रकार श्री राजेश सोंधिया को भी 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
आवेदनों का मौके पर किया गया निराकरण
शिविर में सबसे पहले आवेदकों का पंजीयन कर उनके आवेदन संबंधित विभागों को भेजे गए। इसके बाद अधिकारियों ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। शिविर में नामांतरण, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
सोमवार को लगेगा विद्युत शिकायतों के लिए विशेष शिविर
शिविर के दौरान विद्युत संबंधी समस्याएं भी सामने आईं। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सोमवार को प्रातः 11 बजे विशेष शिविर आयोजित कर विद्युत संबंधी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विधायक
विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने उपस्थितजनों को रक्षाबंधन एवं भुजरिया पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारा देश मातृशक्ति की पूजा करने वाला देश है और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि बेटियों को सक्षम बनाकर उनके विकास के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि बेटियों को पंख दें और उन्हें उड़ने दें। आप सभी मेरा परिवार हैं और क्षेत्र के विकास तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अच्छे संस्कार और प्राकृतिक खेती पर दिया जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री धाकड़ ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देना चाहिए, जिसकी शुरुआत घर से होती है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने जिले में पॉलीहाउस के माध्यम से हो रही गुलाब की खेती तथा थाई पिंक अमरूद की खेती का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक और उन्नत कृषि पद्धतियां किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उद्यमियों और स्वरोजगार हितग्राहियों से किया संवाद
शिविर के दौरान उद्यमियों, नए स्टार्टअप तथा स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें किसान, वेल्डर, पेंटर एवं अन्य स्वरोजगार से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। संवाद के दौरान उद्यम विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों तथा ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए व्यवसाय विस्तार से जुड़े सुझाव भी दिए। हितग्राहियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं से प्राप्त प्रशिक्षण, सहयोग एवं वित्तीय सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किए हैं। इस दौरान विभिन्न स्वरोजगार करने वाले लोगों से संवाद कर उनके अनुभव सुने गए।
शिविर में एसडीमए श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।
