लक्ष्य तय कर शिक्षा, खेल और संस्कार के साथ आगे बढ़ें विद्यार्थी
मधुसूदनगढ़ विद्यालय में विधायक, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने किया संवाद, प्रतिभावान छात्र-छात्राएं सम्मानित
गुना
एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मधुसूदनगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा, खेल, नशामुक्ति, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम के समापन पर सभी को नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
राखी के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अतिथियों का तिलक कर राखी बांधी। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षों को भी राखी बांधी गई। इस अवसर पर सभी ने वृक्षों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
अटल लैब का किया निरीक्षण, बच्चों से जाना नवाचारों का अनुभव
इस दौरान छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारों और गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा उन्हें नई चीजें सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शिक्षा जीवन की सबसे सच्ची साथी- विधायक
विधायक श्रीमती प्रियंका पैंची ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य तय कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जब हम किसी कार्य को करने की ठान लेते हैं तो उसे करके दिखाने का आत्मविश्वास भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डरने के बजाय साहस और मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करें। शिक्षा हमारे जीवन की सबसे सच्ची साथी है, इसलिए सभी विद्यार्थी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ें और अपने जीवन में सफलता प्राप्त करें।
नशे से दूर रहकर बनाएं उज्ज्वल भविष्य - जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़ ने कहा कि विद्यार्थियों को नशे से दूर रहना चाहिए। नशा व्यक्ति के भविष्य और समाज दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं तथा सभी को मिलकर सकारात्मक वातावरण बनाना है।
ओलंपिक तक पहुंचने का रखें लक्ष्य- कलेक्टर
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले के युवाओं में नई चीजें सीखने की अच्छी ललक है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर उस दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ कम से कम एक खेल अवश्य चुनें और उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का प्रयास करें। विद्यार्थियों का लक्ष्य ओलंपिक जैसे बड़े मंच तक पहुंचकर देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करना भी होना चाहिए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में जब कोई अच्छा विचार और लक्ष्य मिल जाए तो उसे अपनाकर निरंतर उस पर काम करते रहना चाहिए। हमारा उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि एक अच्छा नागरिक बनना भी होना चाहिए।
कलेक्टर ने सोशल मीडिया के सीमित और विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया उपयोगी है, लेकिन इसके उपयोग का समय निर्धारित होना चाहिए। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली प्रत्येक बात पर बिना सोचे-समझे विश्वास करने के बजाय अपने विवेक का उपयोग करें। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत-2047 के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नशा न करना ही सच्ची बहादुरी—पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि वर्तमान समय विद्यार्थियों के जीवन की सबसे महत्वपूर्ण नींव है। आज सोशल मीडिया और एआई के दौर में दिखाई देने वाली प्रत्येक जानकारी सत्य नहीं होती, इसलिए किसी भी बात को समझने और स्वीकार करने से पहले उसकी सत्यता को परखना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी समस्याओं और विचारों को उचित माध्यम से रखें, प्रशासन उनके साथ है। छात्राओं को पढ़ाई पर ध्यान देने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के बाद व्यक्ति अपने निर्णय स्वयं लेने में सक्षम होता है। छात्रों से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि नशा न करना ही सच्ची बहादुरी है।
राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी जानवी भिलाला हुईं सम्मानित
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा सुश्री जानवी भिलाला, पुत्री श्री तेजपाल भिलाला, निवासी मधुसूदनगढ़ को सम्मानित किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं जिला गुना का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों को नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने, वृक्षों की रक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
इस दौरान एसडीएम श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
