जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 165 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 165 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
जनसुनवाई में दिव्यांग हितग्राहियों को तत्काल मिली सहायक सामग्री
सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे ने आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए। जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 20, बावड़ीखेड़ा राघौगढ़ निवासी श्री चिरोंजी लाल अहिरवार एवं बावड़ीखेड़ा निवासी श्री गणेश राम लोधा को श्रवण यंत्र (कान की मशीन) तत्काल प्रदान की गई। साथ ही घोसीपुरा गुना निवासी श्री अमजद खान पुत्र श्री जाफर खान को आवागमन की सुविधा हेतु ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। सहायक सामग्री प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई में उनकी समस्या का तत्काल समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
