मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, समय पर लें विशेषज्ञ परामर्श
गुना, 01 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय गुना की मनकक्ष टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राघौगढ़ में निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य फिक्स डे ओपीडी का आयोजन किया गया।जो कि महीने के पहले शनिवार लगाया जाता है।
इस अवसर पर मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एन. धाकड़ ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मानसिक रोग भी अन्य बीमारियों की तरह उपचार योग्य हैं तथा समय पर पहचान और नियमित उपचार से मरीज सामान्य एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकता है।
मनोरोग नर्सिंग ऑफिसर रवि सिंह यादव ने मरीजों एवं उनके परिजनों को टेली-मानस (14416) हेल्पलाइन तथा मनहित (Manhit) ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता, नशे की लत एवं अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए घर बैठे भी निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मानसिक बीमारियों के शुरुआती लक्षणों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। बताया गया कि लंबे समय तक उदासी, अत्यधिक चिंता, व्यवहार में बदलाव, नींद की समस्या, याददाश्त में कमी या स्वयं को नुकसान पहुँचाने जैसे विचार आने पर बिना देर किए मानसिक रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में प्रत्येक शनिवार को निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य फिक्स डे ओपीडी संचालित की जाती है, जहाँ मानसिक रोगों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
