Type Here to Get Search Results !

पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की पहचान बनाए रखें - कलेक्टर श्री कन्याल

 पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की पहचान बनाए रखें  - कलेक्टर श्री कन्याल

छात्रावास में बच्चों से रूबरू हुए कलेक्टर, गुलाब का फूल देकर बच्चों ने किया स्वागत


‎गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जनपद पंचायत आरोन के ग्राम सेमराखेड़ा स्थित राजा शंकरशाह-रघुनाथशाह बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। 

निरीक्षण में उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ बच्चों से आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने कलेक्टर का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेल, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की और कहा कि जो भी करना चाहते हैं, उसे पूरे मन से करें और पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति की पहचान को भी बनाए रखें।

किचन और भोजन व्यवस्था का लिया जायजा

कलेक्टर श्री कन्याल ने छात्रावास के किचन एवं भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन सहित छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कक्षा में पहुंचकर बच्चों से किया संवाद

कलेक्टर श्री कन्‍याल ने कक्षा में पहुंचे और बच्चों से सहज संवाद किया। उन्होंने पूछा कि कितने बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आते हैं, कौन-कौन से खेल खेलते हैं, सबसे शरारती बच्चा कौन है, सबसे अधिक पढ़ने वाला बच्चा कौन है और किस विषय में सबसे अधिक रुचि है। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा।

परंपरागत गीत पर बच्चों ने किया नृत्य

बच्चों ने कलेक्टर के समक्ष परंपरागत गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि पढ़ाई के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की पहचान को भी बनाए रखना जरूरी है। अपनी भाषा-बोली, खानपान, नृत्य और परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में जो भी करना चाहते हैं, उस कार्य को पूरे मन और लगन के साथ करें।

बच्चों को अलग-अलग स्थानों का भ्रमण भी कराया जाए

कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों से कहा कि बच्चों को समय-समय पर अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण भी कराया जाए, ताकि वे अपने आसपास की व्यवस्थाओं और स्थानों के बारे में बेहतर तरीके से जान सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को अस्पताल जैसी संस्थाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाए, जिससे उनका ज्ञान बढ़े और वे अपने क्षेत्र की व्यवस्थाओं, इतिहास एवं विरासत से परिचित हो सकें।

बच्चों को ड्रेस भी वितरित की गई

अंत में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा छात्रावास के बच्चों को ड्रेस एवं खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। इस दौरान बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम सुश्री मंजुशा खत्री सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.