फतेहगढ थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*अपहृता को दस्तयाब कर, उसके अपहरण एवं दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए ऐसे प्रकरणों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा नाबालिग बालिका के अपहरण के गंभीर प्रकरण में सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए अपहृता को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 23 मई 2026 की सुबह फतेहगढ़ थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने पर उसी दिन उसके पिता द्वारा फतेहगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । पुलिस द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 103/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश प्रारंभ की गई ।
फतेहगढ थाना पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों, सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं संभावित स्थानों पर की जा रही तलाश के परिणामस्वरूप विगत दिनांक 27 अगस्त 2026 को बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया । बालिका की दस्तयाबी के उपरांत उसके कथन लिए गए, जिसमें उसने आरोपी दीपक पुत्र पूरन सिंह कुशवाह निवासी ग्राम गौरा थाना बहादुरपुर द्वारा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने एवं उसके साथ जबरदस्ती गलत काम करना बताया । पीड़िता के कथनों के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी दीपक कुशवाह के विरुद्ध प्रकरण में धारा 64(1), 64(2)(M) बीएनएस एवं धारा 5L/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसके संबंध में सतत सूचना संकलित की गई । इसी क्रम में गत दिनांक 28 अगस्त 2026 को आरोपी के संबंध में मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त होने पर फतेहगढ़ थाना पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए प्रकरण में आरोपी दीपक पुत्र पूरन सिंह कुशवाह उम्र 24 साल निवासी ग्राम गौरा, थाना बहादुरपुर जिला अशोकनगर को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया ।
गुना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लेते हुए पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने तथा आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे गंभीर अपराधों में गुना पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
फतेहगढ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप सिंह रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फालके, प्रधान आरक्षक विकास भार्गव, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बारेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक ब्रजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक कुलदीप धाकड़, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक विकास राठौर, आरक्षक नीरज शर्मा, सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया एवं आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है ।
