मवेशी चोरी के मामले में बजरंगगढ़ थाना पुलिस की सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही
*गेडावर्रा-ढुरढुरु गांव के जंगल से चोरी हुई करीबन 03 लाख कीमत की चारों भैंसें बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार*
*मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने चंद दिनों में किया चोरी की वारदात का सफल खुलासा*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार त्वरित एवं सक्रिय कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र के गेडावर्रा-ढुरढुरु गांव के जंगल से हुई मवेशी चोरी की वारदात का चंद दिनों में पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपी गिरफ्तार कर चोरी गई चारों भैंसें बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 15 अगस्त 2026 को फरियादी जगदीश पुत्र महाराज सिंह जाट उम्र 60 साल निवासी ग्राम छीपोन द्वारा बजरंगगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 12 अगस्त 2026 को वह अपनी 10 भैंसों को लेकर गेडावर्रा-ढुरढुरु के जंगल में चराने गया था । इस दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति वहां आए और उसकी चार भैंसों को हांककर चोरी कर ले गए । जिसकी रिपोर्ट पर से बजरंगगढ़ थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 88/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
मवेशी चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश एवं पतारसी के लिए सघन प्रयास प्रारंभ किए गए । पुलिस टीम ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ-साथ विभिन्न तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों की पहचान एवं तलाश के प्रयास किए । इस हेतु पुलिस टीमों द्वारा ग्राम गीदखो, गेडावर्रा, दतया, ढुरढुरु, मिर्जापुर, राघौगढ आदि के जंगलों में सघन सर्चिंग की गई । जिसके परिणाम स्वरुप मवेशी चोरी करने वाले तीनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उनकी सरगर्मी से तलाश की गई । तलाश के दौरान आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर बजरंगगढ थाना पुलिस ने तीनों संदेहियों 1-सर्वेश पुत्र केवल सिंह गुर्जर उम्र 27 साल, 2-मुकेश गुर्जर पुत्र गिरधारी लाल गुर्जर उम्र 29 साल एवं 3-डालचन्द पुत्र प्रेम नारायण गुर्जर उम्र 31 साल निवासीगण ग्राम खेरा थाना राघौगढ को हिरासत में लेकर पूछताछ की । पूछताछ में उनके द्वारा उक्त मवेशी चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया गया । पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई चारों भैंसे कुल कीमती करीब 03 लाख रुपये की बरामद कर ली गई हैं ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस सफल एवं उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि भंवर सिंह, प्रधान आरक्षक दिलीप कलावत, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण धाकड, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक मुन्ना सिंह, आरक्षक सुनील कुशवाह, आरक्षक आरिफ खान, आरक्षक राजीव सेन, आरक्षक नवल किशोर, आरक्षक मुकेश वर्मा, आरक्षक सूर्यप्रताप, आरक्षक हेमंत सोनी, आरक्षक अभयराज रघुवंशी, आरक्षक रघुकुल मिश्रा (चौकी रूठियाई), थाना राघौगढ से आरक्षक अमित जाट, आरक्षक रंजीत खटीक, सायबर सेल गुना से आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षख भूपेन्द्र खटीक एवं पुलिस मित्र दल के विशेष पचौरी की सराहनीय भूमिका रही है ।
