Type Here to Get Search Results !

शांति पब्लिक स्कूल में सडक सुरक्षा एवं यातायात जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन

 शांति पब्लिक स्कूल में सडक सुरक्षा एवं यातायात जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन


*पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाए यातायात नियम, सुरक्षित ड्राइविंग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के गुर*



                गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को गुना के शांति पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।


               कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश दीक्षित एवं ट्रैफिक टीआई अजय प्रताप सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई ।


               डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश दीक्षित ने विद्यार्थियों को सरल एवं सहज भाषा में यातायात की अवधारणा समझाते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों, व्यक्तियों, वस्तुओं एवं पशुओं की आवाजाही को ट्रैफिक कहा जाता है । इस आवाजाही को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए यातायात नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है । उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि दुनियाभर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में होती है । उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात अनुशासन के महत्व को समझाते हुए भूटान की राजधानी थिम्फू का उदाहरण दिया, जहां यातायात व्यवस्था काफी हद तक अनुशासन एवं मैनुअल ट्रैफिक मैनेजमेंट के माध्यम से संचालित होती है ।


               श्री दीक्षित ने गुना शहर के नागरिकों में बढ़ती ट्रैफिक सेंस एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें । उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे भविष्य में जिम्मेदार एवं अनुशासित नागरिक बनकर अपने परिवार तथा गुना जिले का नाम रोशन क रें ।


               ट्रैफिक टीआई श्री अजय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी बेहद संवेदनशील विषय है, क्योंकि इसका सीधा संबंध हमारी जिंदगी और हमारे परिवार की खुशियों से है । सड़क पर की गई छोटी-सी जल्दबाजी अथवा लापरवाही किसी व्यक्ति की जान ले सकती है और पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है । उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं । दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए तथा हेलमेट की स्ट्रैप अवश्य बांधनी चाहिए । बाइक पर तीन लोगों के बैठने से बचने तथा चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग करने की भी समझाइश दी गई ।


               श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि भले ही वे अभी छोटे हैं, लेकिन वे अपने परिवार को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं । उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि उनके पापा, मम्मी, भाई, बहन अथवा परिवार का कोई सदस्य बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाता है, तो वे प्यार से उन्हें समझाएं, “प्लीज ऐसा मत करो, यह सुरक्षित नहीं है ।”


               उन्होंने कहा कि बच्चों की यह छोटी-सी समझाइश परिवार के सदस्यों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर सकती है और किसी बड़े हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है ।


               कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे प्रमुख यातायात नियमों एवं उनसे जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन करना केवल चालान अथवा पुलिस कार्यवाही से बचने का विषय नहीं है, बल्कि यह स्वयं के जीवन एवं परिवार की सुरक्षा से जुड़ा हुआ दायित्व है ।


               कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है ।


               गुना पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित परिवार और सुरक्षित गुना की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाए जा सकें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.