Type Here to Get Search Results !

सावन की फुहार में सजा लहरिया उत्सव, महिलाओं ने जमकर की मस्ती

 सावन की फुहार में सजा लहरिया उत्सव, महिलाओं ने जमकर की मस्ती


एनएफएल विजयपुर में करनी सेना परिवार महिला इकाई ने किया भव्य आयोजन



विजयपुर। करनी सेना परिवार महिला इकाई, गुना के तत्वावधान में एनएफएल विजयपुर में सावन लहरिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जादौन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन की उमंग, उल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ जमकर उत्सव मनाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा सिसोदिया, संभाग महामंत्री श्रीमती सुरेखा भदौरिया, गुना नगर अध्यक्ष अंचाली राजपूत एवं राघोगढ़ अध्यक्ष ज्योति सिंह सहित करनी सेना परिवार की महिला पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।


एनएफएल टीम से एस. चंदेल, अरुण ठाकुर, मोनिका सोलंकी, बीनू वेस, अंजू राजपूत, पूनम भदौरिया, लक्ष्मी वेस, राम धाकरे, संध्या जादौन एवं शोभा राजपूत सहित समस्त महिला टीम ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


सावन की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनोरंजक कार्यक्रम, गीत-संगीत और विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने लहरिया परिधानों में सजकर कार्यक्रम की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था ने भी सभी का मन मोह लिया।


कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए जमकर मस्ती और आनंद लिया। पूरे आयोजन में आपसी प्रेम, भाईचारे और महिला एकजुटता की सुंदर झलक देखने को मिली।


जिला अध्यक्ष श्रीमती अर्चना जादौन ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और मिलकर खुशियां मनाने का अवसर प्रदान करते हैं।


हंसी-खुशी, उमंग और सावन के रंगों से सराबोर यह लहरिया उत्सव सभी के लिए यादगार बन गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.