*पारदी बदमाशों की गतिविधियों पर गुना पुलिस की सतत निगरानी*
केंट थाना पुलिस ने अवैध कच्ची शराब सहित पारदी बदमाश किया गिरफ्तार
*आरोपी से 60 लीटर कच्ची शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त बाईक जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि के विरूद्ध सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मोटर सायकिल पर अवैध कच्ची शराब लेकर उसे बेचने की फिराक में एक पारदी बदमाश गिरफ्तार किया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 08 अगस्त 2026 को केंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सिंगवासा चक के रास्ते में एक व्यक्ति बिना नंबर होण्डा एसपी मोटर सायकिल पर प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी दो कैनों में अवैध कच्ची शराब लेकर उसे बेचने के उद्देश्य से खड़ा है । थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्रय की सूचना के मिलते ही सूचना की तस्दीक और कार्यवाही हेतु केंट थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम रवाना हुई । टीम द्वारा तुरंत सिंगवासा चक के रास्ते में मुखबिर की बताई जगह पर पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर सायकिल के साथ एक व्यक्ति खड़ा दिखा, पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे भागने का मौका न देते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जिसने पूछताछ पर अपना नाम परमजीत पुत्र अजीत पारदी उम्र 20 साल निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा जिला गुना का बताया एवं उसकी मोटर सायकिल पर बंधी कैनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी पर निर्मित कुल 60 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई पाई गई । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके विरुद्ध केंट थाने में अप.क्र. 679/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है ।
केंट थाना पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, सउनि रामभरोसा बैरागी, आरक्षक महेन्द्र वर्मा एवं आरक्षक रवि जाट की सराहनीय भूमिका रही है ।
