Type Here to Get Search Results !

कैंट थाना पुलिस ने हनुमान चौराहा स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग ऑफिस में हुई चोरी का किया पर्दाफाश

 *संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*


कैंट थाना पुलिस ने हनुमान चौराहा स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग ऑफिस में हुई चोरी का किया पर्दाफाश


*आरोपी चोर गिरफ्तार, चोरी किए गए 20 हजार रुपये किए बरामद*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा हनुमान चौराहा स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग ऑफिस में हुई चोरी का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 20 हजार रुपये बरामद किए हैं ।


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 11 जून 2026 को फरियादी अमित रघुवंशी निवासी बांसखेड़ी गुना के द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि हनुमान चौराहे के पास दूसरी मंजिल पर उसका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस संचालित होता है । फरियादी के अनुसार दिनांक 08 जून 2026 की रात वह अपना ऑफिस बंद कर घर चला गया था । अगले दिन सुबह ऑफिस खोलने पर दुकान के ऊपर लगी छत की चादर खुली हुई मिली तथा ऑफिस का सामान अस्त-व्यस्त था और ऑफिस में रखी नगदी भी गायब मिली । फरियादी की रिपोर्ट पर कैंट थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 436/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               घटना को गंभीरता से लेते हुए कैंट थाना पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए तत्काल प्रयास प्रारंभ किए गए । पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया । इसके साथ ही अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार सूचना संकलन किया गया । इसमें पुलिस की सतर्कता, प्रभावी तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसकी तलाश प्रारंभ की गई । आरोपी की तलाश के दौरान गत दिनांक 08 अगस्त 2026 को कैंट थाना पुलिस को आरोपी के संबंध में मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई । सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी कृष्णा पुत्र जसराम लोधा उम्र 30 वर्ष निवासी पारकना सहराई जिला अशोकनगर हाल निवासी मंदसौर मील अशोकनगर को हिरासत में लिया गया । पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने उक्त चोरी करना स्वीकार किया । आरोपी की निशादेही पर पुलिस ने प्रकरण में चोरी गए 20 हजार रुपये बरामद  किए गए हैं । गिरफ्तार आरोपी कृष्णा लोधा को आज दिनांक 09 अगस्त 2026 को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया ।


               कैंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र सिंह परिहार, आरक्षक शुभम रघुवंशी एवं महिला आरक्षक सीमा चौहान की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.