Type Here to Get Search Results !

नाबालिगों के विरूद्ध घटित अपराधों में गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही

 नाबालिगों के विरूद्ध घटित अपराधों में गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही


*इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर वीडियो कॉल के जरिए नाबालिग किशोरी के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किए वायरल*


*गुना कोतवाली पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों एवं महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा शहर की एक नाबालिग किशोरी के अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।


               गौरतलब है कि दिनांक 29 जून 2026 को गुना कोतवाली थाने में 16 वर्षीय एक किशोरी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । किशोरी ने बताया था कि करीब एक माह पूर्व इंस्टाग्राम पर KAIFUU_KAZII नामक आईडी के यूजर से उसकी दोस्ती हुई थी । इसके बाद दोनों के बीच मैसेज के माध्यम से बातचीत होने लगी । किशोरी के अनुसार उक्त यूजर ने स्वयं का नाम कैफ खान निवासी सीकर, राजस्थान बताया था । बातचीत के दौरान कैफ खान ने किशोरी को अपनी बातों में लेकर वीडियो कॉल के माध्यम से उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड कर लिए तथा बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया । किशोरी की रिपोर्ट पर गुना कोतवाली पुलिस द्वारा इंस्टाग्राम आईडी KAIFUU_KAZII के यूजर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 352/26, धारा 78(2), 351(3), 75(1)(ii) बीएनएस, 11/12 पॉक्सो एक्ट एवं 66(E), 67(A), 67(B) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।


               नाबालिग किशोरी के साथ घटित घटना की गंभीरता को देखते हुए गुना कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की तकनीकी एवं विवेचनात्मक जांच करते हुए इंस्टाग्राम आईडी KAIFUU_KAZII के यूजर की पहचान कर उसकी तलाश प्रारंभ की गई । इसमें गुना कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप आज दिनांक 09 अगस्त 2026 को आरोपी मोहम्मद कैफ पुत्र इकबाल मोहम्मद उम्र 20 वर्ष निवासी लक्ष्मणगढ़ जिला सीकर (राजस्थान) को सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत वैधानिक कार्यवाही उपरांत उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया ।


               गुना पुलिस द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नाबालिगों एवं महिलाओं को निशाना बनाकर अपराध करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । गुना पुलिस की आमजन, विशेषकर बच्चों एवं किशोर-किशोरियों से अपील है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री, फोटो अथवा वीडियो साझा न करें ।


               गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सतीश वर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आरक्षक रतन सिंह एवं आरक्षक अमित कुशवाह की विशेष भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.