Type Here to Get Search Results !

खरीफ फसलों में कीट-व्याधि नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय निगरानी दल गठित

 खरीफ फसलों में कीट-व्याधि नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय निगरानी दल गठित


गुना 

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री संजीव शर्मा द्वारा खरीफ वर्ष 2026-27 के दौरान फसलों में कीट एवं व्याधि की स्थिति पर सतत निगरानी, प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, नियंत्रण उपायों के क्रियान्वयन तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निगरानी दलों का गठन किया गया है।

गठित दलों में संबंधित विकासखंडों के सहायक संचालक कृषि, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, बीटीएम तथा कृषि विकास एवं कृषि विस्तार अधिकारियों को शामिल किया गया है। प्रत्येक दल में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) आरोन के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख का तकनीकी सहयोग सुनिश्चित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार गुना एवं बमोरी विकासखंड के लिए सहायक संचालक कृषि श्री राजबीर सिंह तोमर को दल प्रभारी बनाया गया है।, जबकि राधौगढ़, चांचौड़ा एवं आरोन विकासखंडों के लिए अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री अरुण पाटीदार को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है। सभी दलों में केव्‍हीके आरोन के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख का मार्गदर्शन रहेगा।

निगरानी दल प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर कीट एवं व्याधि की स्थिति का निरीक्षण करेंगे तथा किसानों को फसल सुरक्षा एवं नियंत्रण संबंधी तकनीकी सलाह देंगे। भ्रमण के उपरांत केव्‍हीके आरोन के वैज्ञानिकों के सहयोग से तैयार की गई प्रतिवेदन उसी दिन शाम तक उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।

सभी दल प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि निगरानी दल का भ्रमण कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की उपस्थिति में ही संपन्न हो, जिससे किसानों को वैज्ञानिक एवं प्रभावी तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.