डिजिटल लेबर चौक ऐप का शुभारंभ, श्रमिकों और नियोक्ताओं को मिलेगा डिजिटल रोजगार मंच
गुना,
श्रम पदाधिकारी, जिला गुना द्वारा श्रमिकों एवं नियोक्ताओं को एक डिजिटल मंच से जोड़ने के उद्देश्य से डिजिटल लेबर चौक (Digital Labour Chowk) ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया गया। ऐप के माध्यम से जिले के श्रमिकों को पारदर्शी, त्वरित एवं सुरक्षित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा नियोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर योग्य श्रमिकों से सीधे जोड़ने की सुविधा मिलेगी।
डिजिटल लेबर चौक ऐप की प्रमुख विशेषताएं
ऐप के माध्यम से जिले के निर्माण, कृषि, घरेलू एवं अन्य असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिक अपना पंजीकरण कर सकेंगे। नियोक्ता अपनी श्रम आवश्यकताओं को ऐप पर पोस्ट कर स्थानीय एवं योग्य श्रमिकों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। श्रमिकों के कौशल एवं व्यवसाय के अनुरूप रोजगार खोजने और कार्य से मिलान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही कार्य की स्थिति, भुगतान एवं कार्य संबंधी डिजिटल रिकॉर्ड संधारित किया जा सकेगा, जिससे रोजगार प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
श्रमिकों को मिलेंगे प्रमुख लाभ
ऐप के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार के अवसर मोबाइल पर सहज एवं सरल तरीके से उपलब्ध होंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा तथा शासन की श्रम कल्याणकारी योजनाओं एवं उनसे संबंधित जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
श्रम पदाधिकारी ने जिले के सभी श्रमिकों एवं नियोक्ताओं से अपील की है कि वे डिजिटल लेबर चौक ऐप पर अपना पंजीकरण कर इसका अधिकतम लाभ लें। ऐप को गूगल प्ले स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।
यह पहल जिले के श्रम बाजार को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होने के साथ-साथ नियोक्ताओं को आवश्यकतानुसार योग्य श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए: हेल्पलाइन नंबर – 07542-234567 ई-मेल – labourguna-mp@gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
