सड़क सुरक्षा को लेकर गुना यातायात पुलिस सख्त
*विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहनों पर कार्यवाही, 20,200/-रुपये जुर्माना वसूला*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गुना यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुना शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया ।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस टीमों द्वारा शहर के जयस्तंभ चौराहा, हनुमान चौराहा एवं जगत होटल तिराहा पर सघन वाहन चेकिंग की गई । इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रभावी कार्यवाही की गई । जिसमें बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों, निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं लगाने वाले वाहनों, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले वाहन चालकों पर कार्यवाही की गई एवं अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा कुल 41 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए कुल 20,200/-रुपये जुर्माना वसूल किया गया ।
इस अवसर पर यातायात टीमों द्वारा समझाइश दी गई कि यातायात नियम केवल सुविधा के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं । प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें । वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, मोटरसाइकिल पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं तथा अपने वाहन में निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट/HSRP लगवाएं ।
गुना यातायात पुलिस की आमजन से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं । यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग एवं वैधानिक कार्यवाही का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ।
