अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध जामनेर थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही
*आरोपी से 55 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि के विरूद्ध सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी मुख्यालय और प्रभारी एसडीओपी श्री जमीलउद्दीन सिद्दकी के पर्यवेक्षण में जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा और उनकी टीम द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मोटर सायकिल पर कच्ची शराब तस्करी करते हुए एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि आज दिनांक 20 अगस्त 2026 को सुबह जामनेर थाना अंतर्गत पीपलखेडी गांव की ओर से एक अपाचे मोटर साइकिल क्रमांक MP08 ZD 2358 पर एक व्यक्ति के प्लास्टिक की कैनों में अवैध कच्ची शराब लेकर जामनेर की ओर आने की सूचना मिलने पर जामनेर थाना पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही पीपलखेडी रोड स्थित शेरगढ तिराहे पर वाहन चैकिंग लगाई गई, जहां पर कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर साइकिल पर संदेही व्यक्ति के आने पर पुलिस फोर्स द्वारा उसे घेराबंदी कर रोक लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष पुत्र नवल कंजर उम्र 20 साल निवासी ग्राम राजपुरा थाना जामनेर का बताया एवं उसकी मोटर सायकिल पर बंधी दोनों कैनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी पर निर्मित कुल 55 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई पाई गई । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके विरुद्ध जामनेर थाने में अप.क्र. 178/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है ।
जामनेर थाना पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा के नेतृत्व मे उपनिरीक्षक जगदीश जाटव, प्रधान आरक्षक अवधेश पांडे, प्रधान आरक्षक बृजेश त्यागी, प्रधान आरक्षक प्रवेंद्र भदोरिया, आरक्षक गजेंद्र सिंह गुर्जर एवं आरक्षक शिवकुमार निगम की सराहनीय भूमिका रही है ।
