Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर के निर्देश पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा, भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने दोनों विभागों में समन्वय सुनिश्चित

 कलेक्टर के निर्देश पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा, भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने दोनों विभागों में समन्वय सुनिश्चित



Guna -कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर नगर पालिका परिषद गुना एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था एवं उससे संबंधित घटना के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। दोनों विभागों के अधिकारियों ने विचार-विमर्श कर भविष्य में इस प्रकार की स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की।


शहर के कैंट क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के दौरान प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने से परिजनों को असुविधा का सामना करना पड़ा था। इस संबंध में प्रकाशित समाचार एवं सामने आई स्थिति के संज्ञान में आने पर कलेक्टर श्री कन्याल के निर्देशानुसार नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा वस्तुस्थिति की समीक्षा की गई तथा भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की गई।


वर्तमान व्यवस्था के अनुसार विद्युत आपूर्ति व्यवस्था विद्युत विभाग के अधीन है, जबकि स्ट्रीट लाइटों का संचालन एवं संधारण नगर पालिका द्वारा किया जाता है। स्ट्रीट लाइटों को निर्धारित समय पर चालू एवं बंद करने की जिम्मेदारी विद्युत विभाग के माध्यम से निभाई जाती है। जिसमें लाइट के संचालन का निर्धारित समय प्रतिदिन शाम 6 बजे से प्रातः 6 बजे तक है।


नगर पालिका द्वारा इस संबंध में विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री को पत्राचार एवं मौखिक रूप से भी स्ट्रीट लाइटों को निर्धारित समयानुसार चालू एवं बंद किए जाने के लिए कहा गया है। अधीक्षण यंत्री द्वारा संबंधित कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक लिखित निर्देश जारी करने तथा व्यवस्था की नियमित मॉनीटरिंग करने का आश्वासन दिया गया है।


संबंधित घटना के समय तकनीकी खराबी के कारण केबल क्षतिग्रस्त होने से विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्रभावित हुई थी। जानकारी प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त केबल को बदल दिया गया है तथा अन्य छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को भी दूर कर दिया गया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.