गेंदे की खेती से किसान ने कमाया ₹3 लाख प्रति एकड़ मुनाफा
राघौगढ़ के प्रेम नारायण सैनी ने पुष्प खेती अपनाकर बनाई सफलता की मिसाल
गुना। गुना में खेती का बदलता स्वरूप अब नजर आने लगा है। किसान परंपरागत फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाकर कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन और बेहतर आमदनी का नया रास्ता तलाश रहे हैं। राघौगढ़ के किसान प्रेम नारायण सैनी की गेंदे की खेती इसका उदाहरण है।
नगर पालिका राघौगढ़ के वार्ड क्रमांक 12 निवासी श्री सैनी ने उद्यान विभाग की पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना का लाभ लेकर एक एकड़ में गेंदे की खेती की। उन्हें करीब 80 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसकी औसत बिक्री दर ₹4,000 प्रति क्विंटल रही। इससे ₹3.20 लाख की सकल आमदनी हुई। लगभग ₹20 हजार लागत घटाने के बाद किसान को करीब ₹3 लाख का शुद्ध मुनाफा प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी राघौगढ़ श्री कमल किशोर वर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा किसानों को उद्यानिकी एवं पुष्प फसलों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। श्री सैनी को भी समय-समय पर खेत पर पहुंचकर फसल प्रबंधन, सिंचाई एवं कीट-रोग नियंत्रण संबंधी सलाह दी गई।
श्री सैनी की सफलता अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि फसल विविधीकरण एवं उद्यानिकी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
