जिला स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
गुना
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, गुना में शनिवार को जिला स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जिले के आरोन, गुना, राघौगढ़ एवं चांचौड़ा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 90 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभागिता की।
प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी रणनीतिक क्षमता, धैर्य और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्री समर सिंह राठौर के निर्देशन एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री ओ.पी. शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता प्रभारी श्री एच.एन. जाटव, प्राचार्य, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. गुना रहे।
प्रतियोगिता की संयोजक श्रीमती पचित्रा शिवहरे, खेल शिक्षक, शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2 गुना रही। आयोजन को सफल बनाने में सदस्य श्री मनोज शर्मा नोडल खेल केंद्र प्रभारी, श्रीमती साधना श्रीवास्तव,श्री देवेन्द्र शर्मा,श्री प्रवीण खाण्डेकर, श्री मुकुन्द शर्मा,श्री गोविन्द सेन,श्री मदन महामन, श्री परमानंद कुशवाह, श्रीमती रूपाली आहुजा, श्री शुभम गोड एवं श्री चन्द्रप्रकाश केवट सहित खेल शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, त्वरित निर्णय क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। विद्यालय स्तर से जिला स्तर तक ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
आज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने आगामी संभाग शतरंज प्रतियोगिता दतिया के लिए अपनी जगह बनाईl
