बमौरी थानांतर्गत ग्राम गणेशपुरा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही
*वारदात के महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचाए*
*पुरानी रंजिश में चाकू एवं लाठियों से हमला कर युवक की हत्या का मामला, फरार आरोपियों की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों पर लगातार सख्त शिकंजा कसते हुए हिंसक अपराधों एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं निर्णायक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मण्डेलिया और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत ग्राम गणेशपुरा में युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर ही दो आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिए हैं ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26 अगस्त 2026 को फरियादी रवि लोधा पुत्र तेजकरण लोधा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम चक सिलावटी थाना बमोरी जिला गुना ने जिला चिकित्सालय गुना में उपचार के दौरान पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया था कि आज दिनांक 26 अगस्त को वह मोटरसाइकिल से गुना से अपने गांव चक सिलावटी जा रहा था तथा उसके पीछे गांव का ही गोविन्द लोधा ऑटो से आ रहा था । जैसे ही वह अपने गांव गणेशपुरा के पास पहुंचा, तभी बंटी सहरिया, रमेश सहरिया, जसवंत सहरिया एवं जस्सू कुशवाह निवासीगण ग्राम गणेशपुरा ने उसका रास्ता रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे । उसके गाली देने से मना करने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया और चाकू तथा लाठियों से उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके पेट, हाथ, कंधे सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं । इसी दौरान गोविन्द लोधा भी वहां पहुंच गया और जो उसे बचाने आया तो उन चारों ने गोविन्द लोधा के साथ भी चाकू एवं लाठियों से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई । घटना की रिपोर्ट पर से बमोरी थाने में चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 192/26, धारा 109(1), 103(1), 115(2), 126(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । निर्देशों के परिपालन में बमौरी थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मण्डेलिया एवं उनकी टीम द्वारा तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ-साथ विभिन्न तकनीकी संसाधनों की सहायता से आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जाकर लगातार दबिशें देकर उनकी तलाश की गई । इसमें पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 27 अगस्त 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर बमौरी थाना पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण के दो आरोपियों 1. बंटी पुत्र संटू उर्फ शंकरलाल सहरिया उम्र 24 वर्ष एवं 2. रमेश पुत्र संटू उर्फ शंकरलाल सहरिया उम्र 20 वर्ष निवासीगण ग्राम गणेशपुरा थाना बमोरी जिला गुना को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया एवं वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने अपरांत उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है । प्रकरण के फरार शेष आरोपी जसवंत सहरिया एवं जस्सू कुशवाह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए उनकी सघन तलाश की जा रही है ।
गंभीर एवं संवेदनशील वारदात के बाद बमौरी थाना पुलिस द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर महज 24 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार करना पुलिस की तत्परता, सतर्कता एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है ।
बमौरी थाना पुलिस की इस त्वरित एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मण्डेलिया, उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक मौकम सिंह, उपनिरीक्षक महेश लकड़ा, उपनिरीक्षक रचना खत्री, सउनि दिलीप सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक बालस्वरुप धाकड़, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण रघुवंशी, प्रधान आरक्षक हरेंद्र रघुवंशी, प्रधान आरक्षक बसंत कुमार, आरक्षक माखन चौधरी, आरक्षक अंकित, आरक्षक मनोज, आरक्षक संजय, आरक्षक रवि एवं आरक्षक महेंद्र पटेलिया की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही है ।
