गुना कोतवाली अंतर्गत वीरेन्द्र नगर में सूने घर से हुई चोरी का पुलिस ने किया सफलतापूर्वक खुलासा
*तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी हुए चांदी के जेवर, नकदी एवं घटना में प्रयुक्त ब्रीजा कार सहित कुल 10 लाख मूल्य का मशरुका बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मागदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा वीरेन्द्र नगर में रात्रि के समय सूने मकान का ताडा तोडकर की गई चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी हुए चांदी के जेवर, नकदी एवं घटना में प्रयुक्त ब्रीजा कार सहित कुल 10 लाख रुपये मूल्य का मशरुका बरामद करने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।
दिनांक 19 अगस्त 2026 को फरियादी चंद्रमोहन ओझा निवासी श्रीराम कालोनी गुना के द्वारा गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि गुना के वीरेन्द्र नगर में उसके भाई भरत कुमार ओझा का मकान है, दिनांक 18-19 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि में उसके भाई भरत कुमार ओझा के सूने मकान का ताला तोडकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में रखे चांदी के जेवर एवं कुछ नकदी चोरी कर लिए हैं । फरियादी की रिपोर्ट पर से गुना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 486/2026 अंतर्गत धारा 331(4), 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गुना कोतवाली पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अज्ञात आरोपी की तलाश व पतारसी प्रारंभ की गई । पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र के साथ सतत प्रयास करते हुए आरोपी की पतारसी के सघन प्रयास किए गए जिसके परिणाम स्वरुप गत दिनांक 26 अगस्त 2026 को उक्त चोरी में संदेही तीन बदमाशों के एक ब्रीजा कार क्रमांक MP07 AK 8536 द्वारा गुना से शिवपुरी की ओर निकलने की सूचना मिलने पर गुना कोतवाली से पुलिस की एक टीम उनके पीछे रवाना हुई और बिलोनिया गांव के पास उक्त ब्रीजा कार को रोक लिया गया जिसमें सवार तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर नाम पता पूछने पर उनके द्वारा अपने नाम 1-अखिलेश पुत्र राजेश शर्मा उम्र 26 साल निवासी ग्राम देहगांव थाना मोह जिला भिंड हाल थाठीपुर ग्वालियर, 2-दशरथ पुत्र भगवानदास कुशवाह उम्र 33 साल निवासी खासाराम का पुरा थाना बानमौर जिला मुरैना हाल गणेशपुरा रोड ग्वालियर एवं 3-मुकेश पुत्र मिट्ठनलाल झा उम्र 45 साल निवासी बानमौर जिला मुरैना हाल मुरार ग्वालियर के बताए एवं आगे की पूछताछ में उनके द्वारा उक्त चोरी करना स्वीकार किया । पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से चांदी के जेबर एक ब्रेसलेट, पांच नग पायल, एक कमरपेटा, छह नग चूडी, एक चूडा कुल कीमती करीबन 01 लाख रुपये, एक हजार रुपये नकदी एवं घटना में प्रयुक्त ब्रीजा कार कीमती 09 लाख रुपये सहित लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का मशरुका विधिवत जप्त कर प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से न केवल चोरी का शीघ्र खुलासा हुआ, बल्कि फरियादी को उसकी संपत्ति भी अल्प समय में वापस दिलाई जा सकी । यह कार्यवाही गुना पुलिस की सतर्कता, पेशेवर कार्यशैली एवं अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिचायक है ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, सउनि संतोष तिवारी, आरक्षक नीरज रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, आरक्षक अमित कुशवाह, आरक्षक अजय सिकरवार, सायबर सेल से आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी, सीसीटीव्ही कंट्रोल से सउनि भूपेन्द सेंगर, आरक्षक ओमचरण कुशवाह, महिला आरक्षक सुधा रघुवंशी, महिला दीक्षा रघुवंशी एवं महिला आरक्षक भावना रघुवंशी की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
