अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं उपायुक्त संभाग ग्वालियर श्री संदीप शर्मा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी श्री राधाकिशन अटारिया द्वारा मातापुरा कैंट क्षेत्र में मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान एक मकान के आंगन से बोरी एवं केन में रखी कुल 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। इसमें 200 मिलीलीटर धारिता के 44 पन्नी पाउच तथा एक अन्य केन में 7 लीटर हाथ भट्टी मदिरा पाई गई। मदिरा के नमूने आवश्यक जांच के लिए एफएसएल ग्वालियर भेजे गए हैं।
मामले में आरोपी काके पुत्र तूफान पारदी, उम्र 24 वर्ष, निवासी मातापुरा कैंट, गुना के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क) एवं 49(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में आबकारी आरक्षक अरुण कुमार शर्मा, गोविंद सिंह मीणा, कमल बरोदिया तथा महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी एवं खुशबू रघुवंशी की भूमिका सराहनीय रही।
