जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 215 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
गुना
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 215 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
रेडक्रॉस सोसायटी से जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
गुना के विकास नगर निवासी श्री कृष्ण बल्लभ शर्मा ने आवेदन प्रस्तुत कर हेमिप्लेजिया बीमारी से पीड़ित होने के कारण उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग की थी। इसी प्रकार श्री राम कॉलोनी निवासी श्रीमती शांति अहिरवार द्वारा पति के उपचार के लिए तथा ग्राम मूसाखेड़ी निवासी लाडोदेवी द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर द्वारा उक्त आवेदनों पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार करते हुए रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से संबंधित हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। साथ ही हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।
आज आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
