Type Here to Get Search Results !

भारत सरकार की योजना रिवेम्‍प्‍ड डिस्‍ट्रीब्‍यूशन सेक्‍टर स्‍कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता को आम जनता तक पहुँचाएं – कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल

भारत सरकार की योजना रिवेम्‍प्‍ड डिस्‍ट्रीब्‍यूशन सेक्‍टर स्‍कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता को आम जनता तक पहुँचाएं – कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल

स्मार्ट मीटर के सबंध में उप मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.के.पवार ने दी अहम जानकारियां

स्मार्ट मीटर की भ्रांतियां दूर करने गुना में आयोजित मीडिया वर्कशॉप मीडियाकर्मियों की शंकाओं का किया गया समाधान


गुना  

कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल ने मीडियाकर्मियों से आग्रह किया कि वे भारत सरकार की रिवेम्‍प्‍ड डिस्‍ट्रीब्‍यूशन सेक्‍टर स्‍कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता को आम जनता तक पहुँचाएं और बिजली कम्पनी की सेवाओं और जन हितैषी योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुँचाने में सहयोग करें। उन्होने कहा कि गुना जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये बिजली कम्पनी कृत-संकल्पित है। कलेक्‍टर श्री कन्‍याल ने बताया कि गुना जिले में 3 लाख से भी अधिक उपभोक्‍ता है, जिनको गुणवत्‍तपूर्णं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि गुना में 31 हजार 496 स्मार्ट मीटर स्थापित हो गये हैं। इन स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को पिछले छह माह में 85 लाख 77 हजार रुपये की टीओडी (टाइम ऑफ डे) (सूरज के घंटों में यथा सुबह 9 बजे से 5 बजे तक) में ऊर्जा प्रभार में निर्धारित छूट बिजली बिल में प्रदाय की जा रही है। राज्‍य सरकार प्रतिबद्ध है कि बिजली उपभोक्‍ताओं की शिकायतों का त्‍वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाये। इसके लिए मुख्‍यमंत्री जनविश्‍वास अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए बिजली कंपनी संपर्क अभियान-2026 संचालित कर रही है और गांव-गांव और शहर-शहर संपर्क शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। यह बात कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल ने  कलेक्‍टर कार्यालय गुना में आयोजित मीडिया कार्यशाला में कही।


उल्‍लेखनीय है कि मीडिया कार्यशाला में स्मार्ट मीटर से होने वाले लाभ तथा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ता हित में चलाई जा रही शासन एवं कंपनी की योजनाओं जैसे ग्रामीण क्षेत्र में 5 रुपये में नवीन कनेक्शन, संपर्क अभियान 2026, सोलर रूफटॉप आदि की जानकारी मीडिया को उपलब्‍ध कराई गयी।  

इस अवसर पर मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक गुना वृत्त श्री अशोक कुमार शर्मा, उप महाप्रबंधक श्री राय सिंह मालवीय, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज द्विवेदी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी गुना श्री शुभम शर्मा सहित सैंकड़ों मीडियाकर्मी उपस्थित थे। वहीं वर्कशॉप में आभार प्रदर्शन प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री अपर्णा चौरसिया द्वारा किया गया।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबन्धक (स्‍मार्ट मीटर सेल) श्री सी.के. पवार ने बताया स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ के तहत दी जा रही छूट का लाभ भी लगातार बढ़ रहा है। फरवरी से जुलाई 2026 तक छह माह में गुना के कुल 77 हजार 376 उपभोक्ताओं को 85 लाख 77 हजार रुपये की टीओडी छूट का लाभ मिला है। गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नए टैरिफ आर्डर के अनुसार अब खपत के आधार पर दिन के टैरिफ में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपयोग की गई बिजली पर 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है।

श्री पवार ने बताया कि माहवार आंकड़ों के अनुसार फरवरी में 9 हजार 700 उपभोक्ताओं को 6 लाख 90 हजार रुपये, मार्च में 11 हजार 350 उपभोक्ताओं को 9 लाख 59 हजार रुपये, अप्रैल में 12 हजार 096 उपभोक्ताओं को 9 लाख 75 हजार रुपये, मई में 13 हजार 653 उपभोक्ताओं को 16 लाख 86 हजार रुपये, जून में 14 हजार 710 उपभोक्ताओं को 20 लाख 78 हजार रुपये तथा जुलाई में 15 हजार 867 उपभोक्ताओं को 21 लाख 89 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई।                   


परिसर में रीडिंग लेने आने की आवश्यकता नहीं

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) श्री सी.के. पवार ने मीडिया से चर्चा करते हुये बताया कि शहर के लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विद्युत स्मार्ट मीटर लगने के बाद परिसर में रीडिंग लेने आने की जरूरत नहीं होती है, ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग होती है। मानवीय हस्तक्षेप नहीं होने से गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होती है। उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन की विद्युत खपत स्मार्ट मीटर के माध्यम से देख सकता है। उन्होंने बताया कि दैनिक के साथ दृसाथ सप्ताहिक अथवा मासिक खपत आसानी से देखी जा सकती है, और बिजली की कितनी खपत हो रही है, अगले महीने उसका कितना बिल आ सकता है, उसका पूर्वानुमान भी आसानी से लगाया जा सकता है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबन्धक श्री पवार ने बताया कि कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर में बिजली उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दिन के टैरिफ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सभी छूट अथवा प्रोत्साहन की गणना सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर की जा रही है। उन्होने बताया कि घरेलू, गैर घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट एवं निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर ऑवर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उपभोग की गई ऊर्जा पर ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 20 प्रतिशत तक की छूट 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही है।

उप मुख्य महाप्रबन्धक श्री पवार ने आमजन एवं उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करें तथा स्मार्ट मीटर के उपयोग से होने वाले लाभों का अधिक से अधिक फायदा उठाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग एवं ऊर्जा खपत की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो रही है। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली की खपत को ट्रैक करने, ऊर्जा बचत करने तथा मोबाइल एप के माध्यम से कहीं से भी अपनी खपत की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलती है। यह प्रणाली ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रही है।

संपर्क अभियान 2026 में गुना को बड़ी सफलता

247 शिविरों में 9 हजार 138 उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निराकरण

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के महाप्रबन्धक गुना वृत्‍त श्री अशोक कुमार शर्मा ने मीडिया वर्कशाप को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित ‘संपर्क अभियान 2026’ के अंतर्गत गुना जिले में 14 मई से अब तक 247 विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में 9 हजार 138 उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। उन्होने बताया कि संपर्क अभियान के तहत आयोजित शिविरों में उपभोक्ताओं की बिलिंग, मीटर, नवीन कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, बंद अथवा खराब मीटर बदलने, स्मार्ट मीटर सहित विभिन्न विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री अशोक कुमार शर्मा ने विद्युत कम्पनी की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की।

गौरतलब है कि गुना जिले में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित एवं सुगम सेवा उपलब्ध हो सके। कंपनी द्वारा उपभोक्ता सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने की दिशा में संपर्क अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। मीडिया वर्कशाप में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराई। इस अवसर पर गुना जिले में आरडीएसएस एवं एसएसटीडी योजना के अंतर्गत किये गये काम और वर्ष 2026-27 में अनुमोदित निर्माण कार्यों की जानकारी भी प्रदान की गई।

सफलता की कहानी

मौके पर बदला खराब मीटर, उपभोक्ता को मिली राहत (गुना)

संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में गुना वृत्त के कैंट ज़ोन अंतर्गत अन्नपूर्णा कॉलोनी, गुना निवासी श्रीमती शांति देवी ने खराब मीटर की समस्या की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान मीटर का डिस्प्ले खराब पाया गया, जिसके कारण रीडिंग देखने में परेशानी हो रही थी। विभागीय कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही पुराना मीटर बदलकर नया स्मार्ट मीटर स्थापित किया गया। साथ ही उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी भी दी गई। त्वरित समाधान मिलने से उपभोक्ता ने संतोष व्यक्त करते हुए संपर्क अभियान की सराहना की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.