मंदिर से मुकुट चोरी के आरोपियों से पूछताछ में खुला भिड़रा हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी का राज
*आरोपियों से भिड़रा हनुमान मंदिर से चोरी चांदी का मुकुट बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा एवं आमजन की आस्था से जुड़े मामलों में लगातार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी एवं उनकी टीम ने ग्राम भिड़रा स्थित हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चोरी गया मुकुट बरामद कर लिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 14 अगस्त 2026 को फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिड़रा स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब सवा सौ ग्राम वजन का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया था । मुकुट चोरी की इस घटना को लेकर फरियादी कल्याणदास शर्मा निवासी ग्राम भिड़रा की रिपोर्ट पर फतेहगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 189/26, धारा 305(d), 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
गौरतलब है कि दिनांक 31 अगस्त 2026 को फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा अनारद के जंगल क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में चोरी की फिराक में दो संदिग्धों मुकेश पुत्र बृजमोहन कुशवाह उम्र 38 वर्ष एवं सदीक पुत्र छुट्टन बेग उम्र 48 वर्ष, निवासीगण नाहरगढ़, जिला बारां (राजस्थान) को पकड़ा गया था । पूछताछ में आरोपियों से दिनांक 29 अगस्त 2026 को फतेहगढ़ स्थित बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी की वारदात का खुलासा हुआ । आरोपियों की चोरी की अन्य गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस द्वारा उन्हें माननीय न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमाण्ड पर लेकर गहन पूछताछ की गई, जिसमें दोनों आरोपियों ने फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिड़रा स्थित हनुमान मंदिर से भी चांदी का मुकुट चोरी करने की वारदात स्वीकार की । पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर भिड़रा हनुमान मंदिर से चोरी गया चांदी का मुकुट, अनुमानित कीमत 40,000/-रूपये को भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है ।
गुना पुलिस जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, आमजन की आस्था की रक्षा एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है । पुलिस द्वारा मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क निगरानी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ।
फतेहगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, प्रधान आरक्षक विकास भार्गव, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बरेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक ब्रजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक कुलदीप धाकड़, आरक्षक हरिओम परमार, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक विकास राठौर एवं आरक्षक नीरज शर्मा तथा सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव एवं आरक्षक भूपेन्द्र खटीक का सराहनीय योगदान रहा है ।
