धोखाधड़ी कर युवक को बंधक बनाकर रूपये वसूलने के मामले में गुना कोतवाली पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही
*पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर एटीएम कार्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी लेकर की गई 50 हजार रूपये की धोखाधड़ी, बाद में बंधक बनाकर मांगे 50 हजार रुपये*
*घटना के मात्र 36 घंटे के भीतर संगठित गिरोह के 04 सदस्य गिरफ्तार, 58 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिलें जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा धोखाधड़ी एवं अन्य आर्थिक अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना पुलिस ने पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर युवक से उसके भाई के एटीएम कार्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर 50 हजार रूपये की धोखाधड़ी करने तथा बाद में युवक को बंधक बनाकर भय दिखाते हुए 48 हजार रुपये वसूलने के मामले में तत्परता पूर्वक कार्यवाही करते हुए घटना के महज 36 घंटे के भीतर संगठित गिरोह के 04 सदस्य गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 13 सितंबर 2026 को फरियादी सौरभ यादव उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम पदमनखेड़ी थाना म्याना के द्वारा गुना कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 12 सितंबर की शाम उसका परिचित अक्षय उर्फ विशाल कुशवाह उसे उसके भाई को 50 हजार का पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर आईडीएफसी बैंक एटीएम बूथ के पास ले गया । जहां पर अक्षय कुशवाह उससे उसके भाई का एटीएम कार्ड, आधार कार्ड एवं बैंक खाते की जानकारी प्राप्त करने के बाद चला गया । कुछ समय बाद मिथुन कुशवाह एवं गोलू उर्फ जुनैद मुसलमान उसे मिले और बताया कि उसके भाई के खाते में लोन की राशि आ गई है । इसके बाद दोनों उसे एटीएम पर ले गए, जहां राशि निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन रुपये नहीं निकले तो उसने अपने भाई दीपक से संपर्क किया, जिससे पता चला कि अक्षय उर्फ विशाल द्वारा उसके भाई के खाते से 50 हजार रुपये अपने फोन-पे खाते में ट्रांसफर करवा लिये हैं । इसके बाद मिथुन कुशवाह, गोलू उर्फ जुनैद खान, नितिन राठौर एवं प्रियांशु त्रिपाठी उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर काशीधाम कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उनका साथी समर्थ उर्फ चिक्की जैन भी पहुंच गया । जहां पर उनके द्वारा उसका मोबाइल छीनकर उसे करीब 04 घंटे तक बंधक बनाए रखा तथा 50 हजार की मांग करते हुए डरा-धमकाया । भयभीत होकर उसके द्वारा अपने एक रिश्तेदार को रुपये लेकर बुलाया गया, जिसके पहुंचने पर आरोपियों द्वारा उनसे 48 हजार रूपये लेकर उसे छोड़ा गया । फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल आरोपीगण 1-अक्षय कुशवाह, 2-मिथुन कुशवाह, 3-नितिन राठौर, 4-जुनैद खान, 5-प्रियांशु त्रिपाठी एवं 6-समर्थ जैन के विरूद्ध गुना कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 549/26, धारा 318(4), 308(5), 308(6), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । विवेचना के दौरान सामने आये तथ्यों के आधार पर प्रकरण में संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस एवं अपहरण की धारा 140(2) बीएनएस इजाफा की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गुना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी गई तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की गई । इसमें पुलिस की तत्परता एवं लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप घटना के महज 36 घंटे के भीतर ही 04 आरोपियों 1-विशाल उर्फ अक्षय पुत्र हरीओम कुशवाह उम्र 21 वर्ष निवासी श्रीराम कॉलोनी गुना, 2-मिथुन पुत्र परमाल सिंह कुशवाह उम्र 27 वर्ष निवासी नजूल कॉलोनी गुना, 3-जुनेद खान उर्फ गोलू पुत्र इरसाद खान उम्र 22 वर्ष निवासी वरबटपुरा थाना कैंट गुना एवं 4-विशाल पुत्र स्व. भगवान सिंह कुशवाह उम्र 21 वर्ष निवासी साई सिटी कॉलोनी थाना कैंट गुना को गिरफ्तार कर लिया गया । पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया, पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 58,000/-रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिलें विधिवत जप्त की गई हैं । प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।
गुना कोतवाली पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, आरक्षक अमित कुशवाह, आरक्षक अजय सिकरवार, आरक्षक विनय जाट, आरक्षक अनिल रघुवंशी, आरक्षक महेश दिवाकर एवं साईबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
