मंत्री गोविंद राजपूत के बयान पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी का पलटवार
दिग्विजय सिंह व जीतू पटवारी पर टिप्पणी करना गोविंद राजपूत की राजनीतिक बौखलाहट..... सुरेंद्र चौधरी
सागर/ प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दिए गए बयान पर मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने पलटवार किया है।श्री चौधरी ने कहा कि दिग्विजय सिंह जी एवं जीतू पटवारी की उम्र को लेकर टिप्पणी करना गोविंद राजपूत जी की राजनीतिक अपरिपक्वता और बौखलाहट को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सागर जिले में एकमात्र मंत्री होने के बावजूद बण्डा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों की गंभीर घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी घटनास्थल और पीड़ित परिवारों के बीच नहीं पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे सरकार और एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की संवेदनहीनता उजागर हुई है।पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि गोविंद राजपूत जी पहले अपनी सरकार की नाकामियों और जनता के सवालों का जवाब दें, उसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को राजनीति का पाठ पढ़ाएं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी का लंबा राजनीतिक अनुभव,संघर्ष और जनसेवा किसी प्रमाणपत्र का मोहताज नहीं है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह जी की प्रस्तावित अयोध्या यात्रा तथा मंदिरों एवं धार्मिक आयोजनों में एकत्रित राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग से भाजपा नेताओं में बेचैनी स्वाभाविक है। यदि भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्रित चंदे और चांदी की ईंटों से संबंधित रसीदें एवं पूरा हिसाब उपलब्ध है, तो उसे सार्वजनिक करने में परेशानी क्या है?श्री चौधरी ने कहा कि गोविंद राजपूत जी व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़िए और जनता के सवालों का जवाब दीजिए। बण्डा-शाहगढ़ की जहरीली शराब त्रासदी हो या मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्रित चंदे का हिसाब—हर सवाल का जवाब जनता मांग रही है। प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
