पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नानाखेड़ी में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में बुधवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नानाखेड़ी, गुना में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री कन्याल ने मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, परीक्षा परिणाम एवं आगामी दिनों में किए जाने वाले कार्यों की योजना प्रस्तुत की गई। विद्यालय की उपलब्धियों एवं प्रगति पर कलेक्टर श्री कन्याल एवं समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मार्गदर्शन दिया।
विदित हो कि केंद्रीय विद्यालय गुना कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पूरे भोपाल संभाग में प्रथम रहा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर श्री कन्याल ने शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य प्रबंधकीय कार्यों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सदस्य एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
