Type Here to Get Search Results !

अवैध मुरम उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई

 अवैध मुरम उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई 

06 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 01 जेसीबी जब्त


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल ने बमोरी क्षेत्र में मुरम के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान संयुक्त दल को बमोरी के ग्राम बघेरी में 01 जेसीबी एवं 06 ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से बिना वैध अनुमति के मुरम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की स्थिति मिली। दल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर थाना बमोरी में खड़ा कराया गया।

मामले में प्रकरण तैयार कर मध्यप्रदेश गौण खनिज नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। विभाग द्वारा अवैध उत्खनन में संलिप्तता एवं खनिज के अवैध उत्खनन से संबंधित तथ्यों की जांच भी की जा रही है।

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उक्त कार्रवाई में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री जयप्रकाश गौतम, खनिज निरीक्षक श्री विजय कुमार चक्रवर्ती सहित पुलिस एवं खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा।


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.