Type Here to Get Search Results !

विकास कार्यों के लक्ष्य अधिकारियों के दिमाग में स्पष्ट हों, निर्माण कार्य समय-सीमा से पहले पूर्ण करना प्राथमिकता – कलेक्टर

 विकास कार्यों के लक्ष्य अधिकारियों के दिमाग में स्पष्ट हों, निर्माण कार्य समय-सीमा से पहले पूर्ण करना प्राथमिकता – कलेक्टर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिये आवश्यक दिशा-निर्देश


गुना  

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि अधिकारी विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को अपने दिमाग में स्पष्ट रूप से तय करें और उन्हें समय-सीमा में पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि गुना जिले में विकास कार्यों के कई अच्छे उदाहरण स्थापित किए गए हैं, जिसके चलते गुना विकसित भारत की दिशा में अपनी अलग पहचान बना रहा है। कलेक्टर श्री कन्याल आज जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित समस्त सीईओ जनपद, उपयंत्री एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि कार्यों के दौरान तकनीकी समस्याएं आना स्वाभाविक है, लेकिन इन समस्याओं के बीच बेहतर कार्य करने की शैली अधिकारियों को स्वयं विकसित करनी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो तथा प्रत्येक कार्य की नियमित रूप से मैदानी स्तर पर निगरानी की जाए।

समय से पहले काम पूरा करने का हो माइंडसेट : कलेक्टर

कलेक्टर श्री कन्‍याल ने पंचायत विभाग की बैठक में कहा कि निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूरा करना आज की आवश्यकता है। यदि किसी कार्य को तीन माह में पूरा करना है तो पहले यह लक्ष्य तय करें कि उसे एक से डेढ़ माह में कैसे पूरा किया जा सकता है। इसके बाद संभावित बाधाओं की चेकलिस्ट बनाकर उनका समय रहते निराकरण करें। 

प्रत्येक पंचायत में तालाब निर्माण एवं पुराने तालाबों का संरक्षण

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पंचायत में तालाब निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश पंचायतों में पहले से तालाब उपलब्ध हैं। इन तालाबों का उचित रखरखाव एवं विकास कर उन्हें और अधिक उपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

पीएम आवास में बेहतर रंगरोगन एवं सजावट के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आवासों के रंगरोगन एवं बेहतर सजावट की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें अच्छे रंग, पेंटिंग एवं आकर्षक सजावट की जाए, जिससे उनका स्वरूप बेहतर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि गुना जिले में पीएम आवासों की अच्छी गुणवत्ता एवं आकर्षक स्वरूप की सराहना हुई है। इसे और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए।

मुक्तिधामों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रत्येक पंचायत के मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मुक्तिधाम तक पहुंचने वाले मार्ग को दुरुस्त कराने, परिसर में वृक्षारोपण, बैठक व्यवस्था एवं पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

लंबित कार्यों पर सख्त रुख

कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में VB-G RAM G (विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जिला पंचायत एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा, उपयोगिता एवं वर्तमान प्रगति की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वीकृत कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.